सोना-चांदी के दाम लुढ़के: सराफा बाजार में लौटी रौनक, करवाचौथ से पहले खरीदारी तेज
सोने-चांदी के भावों में आई भारी गिरावट से आगरा के सराफा बाजार में एक बार फिर चमक लौट आई है। पिछले एक महीने में सोना 10 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 50 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती हुई है। करवाचौथ और त्योहारी सीजन से ठीक पहले दाम घटने से सराफा दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है।
सोना और चांदी के भावों में आई नरमी से बुलियन बाजार चमक उठा है। नमक की मंडी, चौबे जी फाटक, किनारी बाजार से लेकर एमजी रोड तक सराफा दुकानों और शोरूम पर रौनक बढ़ गई है। पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब चांदी की कीमतों में गिरावट आई है। चौबे जी फाटक स्थित पायल कारोबारी तरुन अग्रवाल ने बताया कि सितंबर की शुरुआत में 24 कैरेट सोना 1,56,760 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,56,410 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।
मंगलसूत्र और चांदी की पायल की बढ़ी मांग
बृहस्पतिवार को सोना गिरकर 1,47,220 से 1,48,930 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,06,289 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई।आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि मासिक स्तर पर सोने में 8 से 10 हजार और चांदी में करीब 50 हजार रुपये की राहत है। करवाचौथ पर सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और चांदी की पायल-बिछिया की मांग में भारी इजाफा है जिससे दैनिक बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। श्री सराफा कमेटी के अध्यक्ष धनकुमार जैन ने बताया कि इस बार कम वजन वाली और ट्रेंडी ज्वेलरी की सबसे ज्यादा मांग है। दाम घटने से ग्राहकों का बजट संतुलित हुआ है और पूजा व उपहार के लिए चांदी के सिक्कों और बर्तनों की बिक्री भी तेज हो गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

