आगरा में पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया शव: पुलिस को मिला कंकाल, 45 दिन तक बनाई गुमशुदगी की कहानी

आगरा|2 घंटे पहले
पुलिस को मिला कंकाल, 45 दिन तक बनाई गुमशुदगी की कहानी

सिकंदरा क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला पर अपने पति की हत्या कर उसके शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप है। आरोप है कि वारदात को छिपाने के लिए शव पर मिट्टी डालकर प्लास्टर कराया गया और बाद में बाथरूम में टाइल्स भी लगवा दी गईं। इसके बाद महिला करीब 45 दिनों तक परिजनों और पड़ोसियों से पति के लापता होने की बात कहती रही। पुलिस पूछताछ के दौरान मामला खुला और आरोपी महिला ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद बाथरूम का फर्श तोड़ने पर मृतक का कंकाल बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला रूबी ने स्वीकार किया कि हत्या के बाद उसने शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर से प्लास्टर कराया और मजदूर बुलाकर टाइल्स भी लगवा दीं, ताकि किसी को शक न हो। जांच के दौरान पुलिस को बाथरूम के फर्श पर संदेह हुआ। खुदाई कराए जाने पर वहां से सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद हुआ। घटना सामने आने के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है।

गुमशुदगी की रिपोर्ट भी कराई थी दर्ज

राजस्थान के भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा अपनी पत्नी रूबी, मां कमला और दो बेटियों रिद्धी व सिद्धी के साथ आगरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रहते थे। दोनों का विवाह वर्ष 2010 में हुआ था। सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। इसके बाद 26 मई को रूबी ने स्वयं थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई और लगातार परिजनों व पड़ोसियों से यही कहती रही कि सुरेंद्र कहीं चले गए हैं। पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी रही। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस जांच से हुआ खुलासा

पुलिस एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए रूबी के घर पहुंची थी। इस दौरान उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। इसी बीच सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा ने भी पुलिस को सूचना दी थी। जांच आगे बढ़ी तो बाथरूम के फर्श पर शक गहराया और खुदाई के दौरान पूरा मामला सामने आ गया। अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीते थे। इससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि 18 मई को रूबी ने फोन कर पुलिस दबिश का हवाला देते हुए मां और बच्चों को अपने घर ले जाने के लिए कहा था। बाद में उसने बताया कि सुरेंद्र कुछ दिनों के लिए बाहर गए हैं। कई बार पूछने पर भी उसने कोई जानकारी नहीं दी। अनिल घर पहुंचे और सुरेंद्र के बारे में पूछा तो रूबी ने बताया कि उसने उन्हें मारकर बाथरूम में दफना दिया है।

अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच

पुलिस का मानना है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। फिलहाल हत्या के कारणों, घटनाक्रम और संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही बरामद कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।