जयपुर में टायर फटने से खाई में पलटी तेज रफ्तार कार: आगरा के चार दोस्तों की मौत, बाबा खाटूश्याम का दर्शन कर वापस लौट रहे थे घर

राजस्थान में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शुक्रवार सुबह जयपुर जिले के रायसर इलाके में एक दर्दनाक कार हादसे में आगरा के रहने वाले चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी मृतक पेशे से फोटोग्राफर बताए जा रहे हैं, जो बाबा खाटूश्याम के दर्शन कर वापस अपने घर आगरा लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार में कुल छह दोस्त सवार थे। शुक्रवार सुबह जब उनकी कार नेशनल हाईवे-148 पर रायसर थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक चलती कार का टायर फट गया। कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक उस पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए शव
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार सभी युवक गाड़ी के अंदर ही बुरी तरह फंस गए थे। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों और पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद कार को काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला। इस घटना से हाईवे पर काफी समय तक लंबा जाम भी लगा रहा।
दो घायलों का इलाज जारी
सीओ रामकिशन विश्नोई ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान अतुल, मुकुल, रूपेश, शिवा और घायलों में राहुल और अर्पित के रूप में हुई हैं। दोनों घायलों को तुरंत पास के निम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

