आगरा कैंट स्टेशन पर बची यात्री की जान: चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर, जीआरपी ने खींचकर बचाया

आगरा|

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश एक यात्री की जान पर भारी पड़ सकती थी। यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया और करीब 50 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटता चला गया। आसपास मौजूद यात्रियों की चीख-पुकार के बीच जीआरपी के दो जवान तुरंत दौड़े और उसे पकड़कर प्लेटफॉर्म की तरफ खींच लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज बुधवार को सामने आया है, जिसमें पूरी घटना कैद है।

जीआरपी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:35 बजे अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस संख्या 19167 आगरा कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंची थी। जैतपुर कलां निवासी मुकेश पुत्र श्रीराम भी इसी ट्रेन से अहमदाबाद जाने के लिए स्टेशन पहुंचा था। वह गुजरात के पालनपुर में एक फैक्ट्री में काम करता है और छुट्टी पर घर आया था। उसे 10 सितंबर को ड्यूटी ज्वाइन करनी थी।

रुकने से पहले ट्रेन पकड़ने की कोशिश

ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची तो मुकेश ने उसके पूरी तरह रुकने का इंतजार नहीं किया। उसने चलती ट्रेन के दरवाजे का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। ट्रेन आगे बढ़ती रही और वह करीब 50 मीटर तक उसके साथ घिसटता चला गया।

जवानों ने दौड़कर प्लेटफॉर्म पर खींचा

मुकेश को इस हालत में देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोग शोर मचाने लगे। कुछ यात्री उसके पीछे दौड़े और मदद के लिए आवाज लगाने लगे। उस समय ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और कांस्टेबल अमित चौधरी की नजर यात्री पर पड़ी। दोनों तुरंत उसकी ओर दौड़े और मौका मिलते ही मुकेश को पकड़कर प्लेटफॉर्म की तरफ खींच लिया। इस तरह समय रहते उसकी जान बच गई। मुकेश को हादसे में हल्की चोटें आई हैं। जीआरपी ने मौके पर उसे प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। बाद में परिजन उसे अपने साथ घर ले गए। जीआरपी के अनुसार, अब मुकेश की हालत ठीक है।

जीआरपी ने यात्रियों से की अपील

जीआरपी सीओ राजेश दीक्षित ने बताया कि मुकेश ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान फंस गया था। उसकी हालत अब ठीक है और परिजन उसे घर ले गए हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही उसमें चढ़ें या उतरें। प्लेटफॉर्म पर पीली लाइन के पीछे खड़े रहें और किसी भी स्थिति में चलती ट्रेन पकड़ने की कोशिश न करें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।