अलीगढ़ में मिट्टी का टीला गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत: घर की पुताई के लिए लेने गए थे पिली मिट्टी, गड्ढे में खोदते समय हुआ हादसा

अलीगढ़ जिले के में एक दर्दनाक हादसा हो गया हैं। जहां गांव के बाहर दो मासूम बच्चों के ऊपर मिट्टी का टीला अचानक गिर गया। जिसमें दबने से दोनों की मौत हो गई। बच्चों के दबे होने की खबर पाकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला। घटना के बाद घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, थाना बरला क्षेत्र के परोरा गांव में रहने वाले आठ वर्षीय कौशल और 14 वर्षीय काजल गांव के बाहर अन्य बच्चों के साथ घर की पुताई के लिए पीली मिट्टी लेने गए थे। गड्ढे से मिट्टी खोदते समय अचानक मिट्टी की एक बड़ी ढाय उनके ऊपर गिर गई। दोनों बच्चे मिट्टी के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। दोनों बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बमुश्किल मिट्टी हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
सदमे में है परिजन
परिजन दोनों को उपचार हेतु पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे की सूचना पर पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों मासूम बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। कौशल अपने भाई-बहन में सबसे छोटा था, वहीं काजल अपने भाई-बहन में सबसे बड़ी थी। परिजन अचानक हुए इस हादसे से सदमे हैं। ।
दैवीय आपदा के तहत आर्थिक सहायता देने की मांग
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ संजय कुमार त्यागी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर पड़ताल कर रही है। परिजन पोस्टमार्टम कराने से मना कर रहे हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार,राजस्व टीम से रिपोर्ट मांगी गई है। दैवीय आपदा की घटनाओं में आर्थिक सहायता दी जाती है। टीम से रिपोर्ट मिलने के बाद आर्थिक सहायता के लिए नियमानुसार प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


