अलीगढ़ में बकाया रकम लेकर लौट रहे दो दोस्तों की मौत: टक्कर से बाइक के दो टुकड़े हुए, जेब से 50 हजार गायब

अलीगढ़ में छर्रा मंडी से धान बेचने की बकाया रकम लेकर गांव लौट रहे दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक दो हिस्सों में बंट गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि मृतकों के पास रखे करीब 50 हजार रुपये हादसे के बाद गायब मिले।
जानकारी के अनुसार, थाना गंगीरी के गांव कुमरौआ निवासी राहुल (18) पुत्र हरिओम सिंह ने करीब तीन दिन पहले छर्रा मंडी में धान बेचा था। उसकी कुछ रकम आढ़ती के पास बकाया रह गई थी। यही बकाया राशि लेने के लिए बुधवार को शाम करीब 6:30 बजे राहुल अपने दोस्त ललित के साथ बाइक से छर्रा के लिए निकला था। मंडी से रुपये लेकर दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी रात करीब 9 बजे छर्रा-कासगंज रोड पर गांव रुखाला के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और भाग गया। टक्कर लगते ही बाइक टूटकर दो हिस्सों में बंट गई और दोनों दोस्त बुरी तरह कुचल गए।
धमाके की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण
धमाके जैसी आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों को शवों के टुकड़ों को तलाशने में करीब आधा घंटा लग गया। कोतवाली निरीक्षक सुशील कुमार योगी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे गांव के शिवराम ने बताया कि आढ़ती से करीब 50 हजार रुपये लेकर दोनों लौट रहे थे लेकिन मौके पर पहुंचने पर वह रकम नहीं मिली। सीओ गर्वित सिंह ने बताया कि मृतकों के पास कितने रुपये थे इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है और परिजनों ने भी ऐसी कोई सूचना नहीं दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

