अकबरपुर में चार पुलिस कर्मी व लेखपाल निलंबित: विभागीय जांच शुरू, रात में बिना बताए गिराए थे घर व दुकान
अकबरपुर के बरियावन गांव में रात के अंधेरे में जेसीबी से कई घर व दुकान गिराए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटना की जानकारी न होने और प्रभावी पर्यवेक्षण न करने के आरोप में अकबरपुर के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके साथ हल्का प्रभारी, हेड कांस्टेबल व सिपाही को भी निलंबित किया गया है। वहीं, लेखपाल रोहित लाल को भी निलंबित कर दिया गया है। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक 20 सितंबर की रात बरियावन निवासी रामसीरत समेत अन्य लोगों के घर अज्ञात लोगों ने जेसीबी से गिरा दिए थे। इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। घटना के बाद प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, हल्का उपनिरीक्षक अजय कुमार, बीट हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पांडेय और कांस्टेबल उपेंद्र यादव से पूछताछ की गई। सभी ने घटना के संबंध में जानकारी होने से इन्कार किया। पुलिस अधीक्षक ने इसे अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही मानकर निलंबित कर दिया हैं।
लापरवाही बरतने पर हुई निलंबन की कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक की शिथिलता और संदिग्धता प्रतीत होने पर निलंबन की कार्रवाई की गई। वहीं, हल्का इंचार्ज अजय कुमार, बीट हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पांडेय और कांस्टेबल उपेंद्र यादव को भी निलंबित कर दिया गया है। सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि लापरवाही बरतने पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने पर हल्का लेखपाल रोहित लाल को निलंबित किया गया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।


