अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां तेज: कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण, 25 स्थानों पर लगेंगी एलईडी वैन
यूपी सरकार ने दीपोत्सव के 10वें संस्करण को भव्य और यादगार बनाने के लिए अयोध्या में व्यापक तैयारियां की हैं। इसके तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों को प्रमुख कार्यक्रमों से सीधे प्रसारण के जरिये जोड़ने के लिए शहर के 25 प्रमुख स्थानों पर एलईडी वैन और 20 सार्वजनिक स्थलों पर विशाल एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे।
आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल
प्रदेश सरकार की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार, दीपोत्सव के प्रचार-प्रसार और श्रद्धालुओं को आयोजन की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके तहत शहर के प्रमुख घाटों, चौराहों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थानों को प्रचार व्यवस्था से जोड़ा गया है। अधिकारियों ने बताया कि एलईडी वैन के लिए सूर्यकुंड दर्शननगर, हनुमानगढ़ी, गुप्तार घाट, झूलेलाल मंदिर चौराहा, रामघाट हाल्ट, गोसाईंगंज बाजार, अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन सहित 25 स्थान चिह्नित किए गए हैं।
इन स्थानों पर भी लगेंगे एलईडी डिस्प्ले बोर्ड
बयान के मुताबिक, इसके अलावा देवकाली, अंगूरी भवन, टेढ़ी बाजार, लता मंगेशकर चौराहा और भरतकुंड में भी ये वैन उपलब्ध रहेंगी। इनके संचालन के लिए वाहन संख्या और नोडल प्रभारियों के संपर्क विवरण भी जारी किए गए हैं। बताया गया कि इसी तरह रामघाट चौराहा, हनुमानगढ़ी, श्रीराम चिकित्सालय, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, तुलसी उद्यान, रामकथा संग्रहालय, मीडिया सेंटर, राजघाट और वैक्स म्यूजियम सहित 20 प्रमुख स्थानों पर एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से श्रद्धालु विभिन्न स्थानों पर रहते हुए दीपोत्सव के मुख्य आयोजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।
13 मार्गों पर लगेंगे आकर्षक होर्डिंग
प्रशासन ने शहर के 13 प्रमुख मार्गों और प्रवेश मार्गों पर आकर्षक होर्डिंग और स्टैंडी लगाने की भी योजना बनाई है, इनमें साकेत पेट्रोल पंप से रामघाट हाल्ट और नया घाट तिराहा, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी, भजन संध्या स्थल तथा देवकाली बाईपास शामिल हैं। बयान के मुताबिक, लखनऊ, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर और रायबरेली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रचार सामग्री लगाने के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा और किसी भी फ्लेक्स या फ्रेम को बिजली, टेलीफोन अथवा अन्य टावर पोल पर लगाने की अनुमति नहीं होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

