अखिलेश के अयोध्या दौरे पर BJP का बड़ा हमला: 12 नहीं, 6 दिसंबर को जाएं अयोध्या, रामभक्तों की हत्या के ‘महापाप’ की मांगें माफी

अयोध्या|
सेव सूची

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश के 12 दिसंबर वाले कार्यक्रम को ‘स्वांग’ और ‘नया पैंतरा’ बताते हुए उन्हें 6 दिसंबर को अयोध्या जाने की चुनौती दे डाली है।

पंकज चौधरी का तीखा हमला

मंगलवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए पंकज चौधरी ने यह कहा है। “अगर भगवान श्रीराम पर ये नया पैंतरा नहीं, सच्चा पश्चाताप है तो 12 नहीं, छह दिसंबर को राम मंदिर जाइए। और जिन सैकड़ों रामभक्तों की हत्या कराई उस महापाप पर माफ़ी मांगिये। ”उन्होंने कारनामे_बोलते_हैं, हैशटैग के साथ आगे लिखा, “मत समझिये कि आपके पुराने पाप धुल जाएंगे। बल्कि इस रामभक्ति के स्वांग से बचा-खुचा अस्तित्व भी गंवाएंगे। ”चौधरी का इशारा 1990 में मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की तरफ था, जिसे भाजपा अक्सर ‘रामभक्तों की हत्या’ कहकर याद दिलाती है।

12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या जाएंगे अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आगामी 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या जाकर रामलला और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान वह साधु-संतों से भी मुलाकात करेंगे। जनवरी 2024 में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा होगा। तब अखिलेश ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह में जाने से इनकार कर दिया था। जिस पर भाजपा ने उन्हें जमकर घेरा था।

क्यों अहम है यह दौरा?

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश का यह दौरा बेहद अहम है। सपा अब सॉफ्ट हिंदुत्व और PDA फॉर्मूले के साथ भाजपा को चुनौती देने की कोशिश में है। वहीं भाजपा इसे चुनावी हिंदुत्व बताकर घेर रही है। भाजपा का कहना है कि जो पार्टी कभी राम मंदिर का विरोध करती थी। वही अब चुनाव आते ही रामलला के दर्शन के लिए जा रही है।

सपा का पलटवार?

अभी तक सपा की तरफ से पंकज चौधरी के बयान पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि अखिलेश का दौरा पूरी तरह धार्मिक और निजी है। इसे राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए। फिलहाल, 12 दिसंबर का दौरा और 6 दिसंबर की तारीख को लेकर यूपी की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। पंकज चौधरी के बयान पर जवाब देने के लिए समाजवादी पार्टी में मंथन किया जा रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।