अयोध्या में STF का बड़ा ऑपरेशन: दो लाख का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर, लंबे समय से चल रहा था फरार

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़े अभियान में दो लाख रुपये के इनामी अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के अनुसार भानु प्रताप प्रदेश के कई जिलों में वांछित था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी तथा अन्य गंभीर अपराधों के करीब 40 मुकदमे दर्ज थे। लंबे समय से फरार चल रहे इस अपराधी की तलाश विभिन्न पुलिस इकाइयां कर रही थीं।
पुलिस के मुताबिक एसटीएफ को सूचना मिली थी कि भानु प्रताप अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से क्षेत्र से गुजर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित एमी घाट के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद एसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें भानु प्रताप गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंच सका। इसके बाद घायल बदमाश को टीम अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पूरा बाजार लेकर पहुंची। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कई जिलों में दर्ज थे मुकदमे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार भानु प्रताप सिंह पर आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख रुपये, अंबेडकरनगर पुलिस ने 50 हजार रुपये, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार रुपये और बस्ती पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ दर्ज अधिकांश मामले इन्हीं जिलों में दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसे हार्डकोर अपराधी के रूप में चिन्हित किया गया था।
फरार साथी की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही उसे भी अरेस्ट कर लिया जाएगा। पुलिस ने इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









