आजमगढ़ में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया आरोपी: बच्चों को बंधक बनाकर की फायरिंग, पत्नी और दो पुजारियों की हत्या की

आजमगढ़|
बच्चों को बंधक बनाकर की फायरिंग, पत्नी और दो पुजारियों की हत्या की

अहिरौला क्षेत्र में पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की हत्या के आरोपी अरविंद सिंह की पुलिस कार्रवाई में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पत्नी से विवाद के बाद अरविंद ने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की। इसके बाद वह तीन बच्चों को कमरे में बंधक बनाकर अंदर बंद हो गया। करीब सात घंटे तक पुलिस उसे सरेंडर करने के लिए समझाती रही। रात करीब एक बजे उसने अपने नौ वर्षीय बेटे शौर्य को गोली मार दी। इसके बाद पुलिस टीम घर में दाखिल हुई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने टीम पर भी फायरिंग की, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, शंभूपुर गहजी गांव में चार दिन से पूजा चल रही थी। परिवार को अरविंद पर भूत-प्रेत का साया होने की आशंका थी। पूजा के लिए पंडित महेंद्र पाठक (60), अखिलेश मिश्रा (55), उनके बेटे हिमांशु समेत चार पंडित बुलाए गए थे। अरविंद घर लौटा तो पत्नी बबीता सिंह से विवाद हो गया। इसके बाद उसने पुजारियों से आधार कार्ड मांगा और बहस करने लगा। विवाद बढ़ने पर वह कमरे में गया और लाइसेंसी राइफल लेकर आया। आरोप है कि उसने पत्नी और दो पुजारियों को गोली मार दी। घटना के बाद वह तीन बच्चों को लेकर कमरे में बंद हो गया।

मौके पर करीब 300 पुलिसकर्मी तैनात

घटना की सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। स्थिति गंभीर होने पर SOG और ATS की टीम को बुलाया गया। SSP डॉ. अनिल कुमार के अनुसार, मौके पर 10 थानों के करीब 300 पुलिसकर्मी और PAC की एक गाड़ी तैनात की गई थी। रात करीब 11:30 बजे वाराणसी के ADG नवीन अरोरा भी पहुंचे। ATS के 24 और SOG के 20 जवानों को ऑपरेशन में लगाया गया। पुलिस का कहना है कि अरविंद लगातार बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा था। उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू की। इसके बाद टीम ने स्टेन ग्रेनेड और टियर गैस का इस्तेमाल कर घर में प्रवेश किया। करीब छह राउंड फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में अरविंद को गोली लगी।

आठ साल पहले गोली मारकर हुई थी भाई की हत्या

इस घटना में अरविंद, उसकी पत्नी बबीता, बेटे शौर्य और दोनों पुजारियों महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा की मौत हुई। अरविंद के परिवार में मां समला देवी , बेटी परी और सात महीने की बेटी भी हैं। पुलिस के मुताबिक, अरविंद के बड़े भाई सुनील सिंह की अक्टूबर 2018 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में सुनील की पत्नी ममता सिंह ने गांव के मनीष सिंह, अवनीश सिंह, विनोद सिंह और प्रमोद सिंह के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच इस घटना के बाद से विवाद चला आ रहा था।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।