आजमगढ़ में छात्रों ने दो घंटे तक किया सड़क प्रदर्शन: 26 साल से शिक्षक नहीं, निजी शिक्षक के नाम पर वसूली का आरोप
जिले में स्मिथ इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी और पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को स्कूल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने करीब दो घंटे तक सड़क पर धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों ने नियमित शिक्षकों की नियुक्ति और शिक्षण व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान के नियमित शिक्षक करीब 26 साल से नहीं हैं। वहीं गणित के शिक्षक की कमी के कारण भी उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कॉलेज की शिक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निजी शिक्षक के नाम पर 50-50 रुपये लिए जाने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि नियमित शिक्षकों की कमी के बीच अतिरिक्त शुल्क देना उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ डाल रहा है। प्रदर्शन में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है और समय रहते शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हुई तो पढ़ाई का नुकसान बढ़ता जाएगा।
शिक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग की
छात्रों ने बताया कि कॉलेज में पढ़ने वाले अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे में पढ़ाई के लिए अतिरिक्त शुल्क जुटाना उनके लिए आसान नहीं है। उन्होंने नियमित शिक्षकों की नियुक्ति के साथ कॉलेज की पूरी शिक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग की। मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। छात्रों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और जल्द समाधान की मांग दोहराई।











