आजमगढ़ में पेड़ से टकराकर पलटी कार: 3 की मौत; 6 घायल, चाय पीने निकले थे 9 युवक
फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराकर पलटने से तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे जगदीशपुर के पास हुई। कार में कुल नौ लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई और उसमें बैठे लोग अंदर फंस गए। राहगीरों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा।
फूलपुर सीओ किरण पाल सिंह के मुताबिक, कार फूलपुर से सरायमीर जा रही थी। इसमें फूलपुर निवासी नौ लोग सवार थे और सभी अलग-अलग परिवारों से थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि सभी ने गणेश प्रतिमा स्थापित करने के बाद रातभर पंडाल में समय बिताया था। सुबह करीब साढ़े चार बजे सभी सरायमीर चाय पीने के लिए निकले थे। जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और पलट गई।
शीशे तोड़कर निकाले गए फंसे लोग
हादसे में कार बुरी तरह पिचक गई थी। उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे। पुलिस और राहगीरों ने कार के शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला। सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके अलावा लकी सोनकर (19), अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडे और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडे घायल हुए। सभी को फूलपुर के एक निजी अस्पताल भेजा गया।
इलाज के दौरान तीसरे युवक ने तोड़ा दम
अस्पताल में उपचार के दौरान लकी सोनकर (19) ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन हो गई, जबकि छह घायलों का इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों को जानकारी दी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।










