आजमगढ़ में बिजली के पोल से टकराया टैंकर: आग में जलकर चालक समेत तीन मरे, गोरखपुर से डीजल लेकर जा रहा था वाहन
बिलरियागंज स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहा एक टैंकर भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में टायर फटने और ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित टैंकर बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर के साथ ही टैंकर में भीषण आग लग गई, जिसमें चालक, खलासी समेत तीन लोग जिंदा जल गए। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मालटारी-मिर्जापुर मार्ग पर हाइडिल के पास हुआ। सगड़ी सर्किल के क्षेत्राधिकारी देशराज सिंह के मुताबिक टैंकर गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास पहुंचते ही टायर फट गया। इसी दौरान ब्रेक भी फेल हो गए। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैंकर सीधे बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी।
मदद भी नहीं कर सके लोग
हादसे के बाद टैंकर चारों ओर से आग की चपेट में आ गया। चालक, खलासी और एक अन्य व्यक्ति वाहन के भीतर ही फंस गए। आग की तेज लपटों और घने धुएं के कारण आसपास मौजूद लोग चाहकर भी उन्हें बाहर नहीं निकाल सके। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की छह गाड़ियों ने करीब एक घंटे तक राहत अभियान चलाया। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। टैंकर पूरी तरह जल चुका था। शीशे तोड़कर तीनों शव बाहर निकाले गए।
तीसरे की शिनाख्त बाकी
पुलिस ने मृतकों में से दो की पहचान कर ली है। इनमें एक मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार और दूसरे महाराजगंज निवासी पातिराज हैं। चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।











