बहराइच में आपस में भिड़े सपा और भाजपा के कार्यक्रता: डिबेट के दौरान राजनीतिक मुद्दे को लेकर शुरू हुई कहासुनी, खुलेआम एक-दूसरे पर चलाये लात-घूंसे
महसी विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद बात इतनी बढ़ गई कि नौबत लात-घूंसों और धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। क्षेत्र में फैले भारी तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल के साथ पीएसी को तैनात कर दिया गया है।
यह पूरी घटना हरदी थाना क्षेत्र के रामपुरवा चौराहे की है। जानकारी के अनुसार, एक निजी न्यूज चैनल की टीम आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनता का मूड जानने के लिए एक लाइव डिबेट शो का आयोजन कर रही थी। इस कार्यक्रम में दोनों राजनीतिक दलों के समर्थक और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। चर्चा के दौरान किसी राजनीतिक मुद्दे को लेकर सपा और भाजपा समर्थकों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर टूट पड़े। खुलेआम लात-घूंसे चलने की वजह से कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। चुनावी माहौल में तनाव को और अधिक बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने तुरंत मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की टुकड़ियों को तैनात कर दिया। कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने और उपद्रव मचाने के आरोप में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल लगातार इलाके में गश्त कर रहा है।










