बहराइच के दो गांवों में पागल कुत्तों का आतंक: दादी-पोते समेत पांच घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर

बहराइच के फखरपुर कस्बे से सटे दो गांवों में बुधवार को कुत्तों के हमले से हड़कंप मच गया। एक गांव में दादी और एक साल के पोते को नोचकर घायल कर दिया गया, जबकि दूसरे गांव में तीन और लोग कुत्ते के शिकार हुए। सभी घायलों को पहले फखरपुर सीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
फखरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह लावारिस कुत्तों ने जमकर उत्पात मचाया। कस्बे से सटे परशुरामपुर गांव में सुबह करीब 9:30 बजे शेफुल निशां (40) पत्नी पप्पू अपने घर के बाहर गोद में एक साल के पोते आबाम पुत्र मन्नान को धूप में खिला रही थी। इसी दौरान एक आक्रामक कुत्ते ने दादी और पोते पर हमला कर उन्हें नोच डाला। परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कुत्ते को खदेड़ा और दोनों की जान बचा ई।
दहशत में ग्रामीण
कुछ ही देर बाद कस्बे से सटे खालिदपुर गांव में भी कुत्ते ने आतंक मचाया। वहां घर के बाहर खेल रहे करीम (8) पुत्र नूर अहमद पर कुत्ते ने हमला कर दिया। जब ग्रामीणों ने कुत्ते को खदेड़ने की कोशिश की तो उसने फूल बानो (45) पत्नी कल्लू शाह और सामान खरीदने जा रहे हमजा (7) पुत्र कमरुज्जमा को भी काट कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी होते ही सभी पांचों घायलों को आनन-फानन में फखरपुर सीएचसी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

