बहराइच में पुलिस के साथ बदमाशों की दो अलग-अलग मुठभेड़: हिस्ट्रीशीटरों के पैर में लगी गोली, अस्पताल में चल रहा इलाज

बहराइच में पुलिस ने अपराधियों और चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार की सुबह पुलिस की अपराधियों के साथ दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं, जिसमें लखीमपुर खीरी जिले के दो शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक, पहली मुठभेड़ सोमवार देर रात बौंडी थाना क्षेत्र के खैरा बाजार के पास हुई। पुलिस और स्वाट टीम को मुखबिर से शातिर बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में जाबिर उर्फ जाकिर (निवासी ईसानगर, लखीमपुर खीरी) के पैर में गोली लग गई। जाबिर बहराइच और लखीमपुर पुलिस के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था और उसके खिलाफ अलग-अलग जिलों में 48 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इस दौरान उसका एक साथी नसीम कार से भागने में सफल रहा।
दूसरे आरोपी की तलाश में अलर्ट थी पुलिस
बौंडी मुठभेड़ के बाद फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में पूरी रात जिले की पुलिस अलर्ट पर थी। मंगलवार सुबह नानपारा कोतवाली पुलिस ने बंजरिया नहर पुल के पास संदिग्ध कार को घेरने का प्रयास किया। कार सवार बदमाश ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए गोलियां चला दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में भाग रहे बदमाश नसीम उर्फ ठेकेदार (निवासी ईसानगर, लखीमपुर खीरी) के पैर में भी गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया। नसीम भी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
नकदी, आभूषण और कार बरामद
पुलिस ने इन दोनों एनकाउंटर के बाद बदमाशों के पास से एक सेंट्रो कार, दो अवैध देसी तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस, ₹6,500 की नकदी, चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किये। बहराइच के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाश अंतर-जनपदीय नकबजनी और चोरी के गैंग से जुड़े हुए हैं। इन गिरफ्तारियों से बहराइच समेत कई जिलों में हुई चोरी की बड़ी वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों घायल अपराधियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

