बहराइच में पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर: पैर में गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर घायल, तीन साथी मौके से हुए गिरफ्तार
जिले में चोरी के आरोपियों की घेराबंदी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर संभारी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। मौके से उसके तीन साथी महेश चौहान, मोहित लाल और अनिल विश्वकर्मा भी पकड़े गए। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर दो आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात करीब 2:30 बजे नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर चोरी से जुड़ी सूचना मिली थी। इसके बाद खैरीघाट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर एक आरोपी कार से बाहर निकला और टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संभारी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसके तीन अन्य साथियों को अरेस्ट कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
हथियार, जेवरात और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, अर्टिगा कार, जेवरात और नकदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बहराइच सहित अन्य जिलों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस बरामद सामान और पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर दूसरी वारदातों की भी जांच कर रही है। घायल संभारी खैरीघाट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी
मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। फरार दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें तलाश अभियान चला रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

