बहराइच में सड़क किनारे मिला युवक का शव: काम के सिलसिले में घर से था निकला, जांच में जुटी पुलिस

रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रंजीतबोझा गांव में रविवार सुबह हड़कंप मच गया। प्राथमिक विद्यालय जाने वाले रास्ते के किनारे झाड़ियों में एक 22 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान रंजीतबोझा निवासी तसव्वर उर्फ शब्बीर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शब्बीर कबाड़ का काम करता था और नेपाल जाकर कबाड़ खरीदने-बेचने का कार्य करता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को वह काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह उसका शव झाड़ियों में मिलने की सूचना मिली।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई रज्जब अली ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। मृतक के परिवार में दो बेटियां हैं।
मामले की जांच कर रही पुलिस
प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पायेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।










