बहराइच में मेले में जलपरी शो के दौरान बड़ा हादसा: 20 हजार लीटर पानी से भरा टैंक टूटा, चार बच्चों समेत 15 लोग घायल

फखरपुर कस्बा क्षेत्र में आयोजित 'दादा मियां के उर्स मेले' में जलपरी शो के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। शो के लिए बनाया गया 20 हजार लीटर पानी से भरा ग्लास टैंक अचानक तेज आवाज के साथ टूट गया। टैंक का शीशा फटने से चारों तरफ भारी मात्रा में पानी और कांच के टुकड़े फैल गए, जिसकी चपेट में आने से चार बच्चों और जलपरी का किरदार निभा रही युवती समेत 15 लोग घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेले में ₹50 का टिकट लेकर लोग भारी संख्या में जलपरी का करतब देखने के लिए इकट्ठा हुए थे। दर्शक बाहर लगे बड़े शीशे के जरिए टैंक के अंदर हो रहे शो को देख रहे थे। शो के दौरान अचानक एक जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई और टैंक का मुख्य ग्लास टूट गया। टैंक में भरा 20 हजार लीटर पानी भारी दबाव के साथ बाहर आया, जिससे वहां मौजूद दर्शकों में भगदड़ मच गई। टैंक के बिल्कुल सामने खड़े बच्चे सीधे तौर पर टूटते हुए कांच की चपेट में आ गए, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। टैंक के अंदर मौजूद जलपरी का रोल कर रही युवती भी इस हादसे में चोटिल हो गई।
एक ही गांव के चार बच्चे घायल
हादसे में घायल हुए लोगों में मुख्य रूप से खालिदपुर गांव के रहने वाले चार बच्चे,अर्श (उम्र 8 वर्ष), बुरऊ (उम्र 7 वर्ष), अहद खान (उम्र 8 वर्ष), मोहम्मद सादिक (उम्र 9 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बहराइच जिला अस्पताल भेजा गया है।
मौके से भागे आयोजक, पुलिस ने दर्ज की FIR
हादसा होते ही मेले में चीख-पुकार मच गई। स्थिति बिगड़ती देख शो के आयोजक और केयरटेकर मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस बल के साथ पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आयुष विक्रम सिंह ने स्थिति को संभाला। एएसपी ने बताया कि लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने को लेकर शो के आयोजकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।