बहराइच में बाघ का आतंक: सो रहे युवक को बनाया निवाला, 700 मीटर दूर झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव

बहराइच|16 घंटे पहले
सो रहे युवक को बनाया निवाला, 700 मीटर दूर झाड़ियों में मिला क्षत-विक्षत शव

बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज के अंतर्गत आने वाले महबूबनगर गांव में 32 वर्षीय किसान राम सिंह को एक आदमखोर बाघ ने अपना निवाला बना लिया। राम सिंह अपने घर के बरामदे में चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान बाघ गांव में पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। बाघ उसे जबड़े में दबाकर घर से बाहर खींच ले गया। चीख सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। वे बाहर पहुंचे तो राम सिंह चारपाई पर नहीं थे।

बाघ के हमले की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। गांव वाले लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर आसपास के खेतों में तलाश करने लगे, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कोई पता नहीं चल सका। सुबह करीब 6 बजे घर से लगभग 700 मीटर दूर झाड़ियों में उसका बेहद क्षत-विक्षत और आधा खाया हुआ शव बरामद हुआ। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

दोनों पैर और पेट के हिस्से का मांस गायब

बाघ ने युवक के जांघों के नीचे से दोनों पैर और पेट का हिस्सा पूरी तरह खा लिया था। उसका गला भी आधा कटा हुआ मिला और शरीर और चेहरे पर पंजों के गहरे निशान थे। इस खौफनाक वारदात के बाद से महबूबनगर और आसपास के इलाकों में भयंकर दहशत फैली हुई है। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रभागीय वनाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए सौंपने से मना कर दिया।

वन विभाग ने सतर्क रहने की दी सलाह

सूचना मिलने पर पुलिस और ककरहा रेंज की वन टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और जानवर की निगरानी के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने ग्रामीणों से अंधेरे में अकेले घर से बाहर नहीं निकलने, जंगल और झाड़ियों की ओर जाने से बचने तथा बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने की अपील की है। घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखने और बाघ अथवा किसी अन्य वन्यजीव की मौजूदगी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।