बलिया में पवन सिंह फिर नहीं पहुंचे परिवार न्यायालय: कोर्ट ने लगाया 3 हजार का जुर्माना, भरण-पोषण मामले की हुई सुनवाई

भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार और बिहार से भाजपा एमएलसी पवन सिंह का पारिवारिक विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। बलिया के परिवार न्यायालय में भरण-पोषण मामले की सुनवाई के दौरान पवन सिंह दूसरी बार भी हाजिर नहीं हुए। इस पर अदालत ने नाराजगी जताई है। कोर्ट ने उन पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
पवन सिंह के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि उनकी मां की तबीयत खराब है इसलिए वे पेश नहीं हो सकते और अगली तारीख दी जाए। इस पर न्यायालय ने बार-बार अदालत के आदेश की अनदेखी करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पवन सिंह पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। साथ ही अगली सुनवाई के लिए 12 नवंबर की तारीख तय की है। इससे पहले पांच अक्टूबर को भी गैर हाजिर रहने पर कोर्ट ने उन पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए 17 अक्टूबर को पेश होने का आदेश दिया था लेकिन वे तब भी नहीं आए।
ये है मामला
पवन सिंह की शादी छह मार्च 2018 को बलिया शहर के मिड्ढी मोहल्ले के रहने वाले रामबाबू सिंह की बेटी ज्योति सिंह के साथ हुई थी। शादी के कुछ मा बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जाता है कि रिश्ते में दरार इतनी बढ़ गई कि पवन सिंह ने आरा न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी। इसके जवाब में ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को बलिया के परिवार न्यायालय में भरण-पोषण के लिए अर्जी लगाई। ज्योति सिंह ने अदालत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कोर्ट को बताया कि शादी के बाद ससुराल में उनका उत्पीड़न किया गया और जबरन उनका गर्भपात भी कराया गया। ज्योति का आरोप है कि 17 अक्टूबर 2019 से लेकर अब तक पवन सिंह ने उन्हें दैनिक खर्च और दवा-इलाज के लिए एक रुपया भी नहीं दिया है। इसी आधार पर उन्होंने कोर्ट से व्यक्तिगत खर्च और घर के खर्च के लिए 5 लाख रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण भत्ता देने की मांग की है।
2025 में लखनऊ में भी इस मामले ने पकड़ा था तूल
बतादें कि इससे पहले साल 2025 में लखनऊ में भी इस मामले ने तूल पकड़ा था। पवन सिंह के घर के बाहर ज्योति सिंह रोते-बिलखते नजर आई थीं जब पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया था। उस दौरान ज्योति ने आरोप लगाया था कि पवन सिंह ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया था कि कोई एफआईआर दर्ज नहीं है बल्कि चल रही कानूनी कार्यवाही के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। ज्योति ने उस समय पुलिस पर सबके सामने अपमानित करने का भी आरोप लगाया था और पवन सिंह पर बेवफाई का आरोप लगाते हुए कहा था कि चुनाव के कुछ समय बाद ही पवन सिंह उनके सामने ही एक दूसरी महिला को होटल ले गए थे। फिलहाल कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए पवन सिंह को अगली तारीख पर हर हाल में पेश होने के संकेत दिए हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

