बलिया में तिलक समारोह में युवक को मारी गोली: कहासुनी के बाद सीने में दागी बुलेट, पुलिस हिरासत में एक आरोपी

बलिया|1 घंटा पहले
कहासुनी के बाद सीने में दागी बुलेट, पुलिस हिरासत में एक आरोपी

बलिया के सहतवार थाना क्षेत्र में तिलक समारोह के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद एक युवक को सीने में गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक का मऊ में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर दूसरे की तलाश तेज कर दी है।

घटना बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे महाराजपुर गांव में आयोजित एक तिलक समारोह के दौरान हुई। महाराजपुर निवासी अरुण यादव, पुत्र नंदलाल यादव, समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी किसी बात को लेकर परिचित रितेश पासवान, निवासी नई बस्ती महादनपुर, और अमित कुमार राम, निवासी पुरानी बस्ती महादनपुर, से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने अरुण के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।

जिला अस्पताल से मऊ किया गया रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मऊ रेफर कर दिया। फिलहाल अरुण यादव का इलाज मऊ में चल रहा है।

दूसरे की तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरे आरोपी अमित कुमार राम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि घायल के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल सामान्य है और सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।