बलरामपुर में तेज रफ्तार कार ने ग्रामीणों को रौंदा: तीन की मौत; चार घायल, दो की हालत गंभीर

देहात थाना क्षेत्र के चरनगहिया-बेलहा गांव में शनिवार की रात करीब 11 बजे बड़ा हादसा हो गया। दुर्गा मंदिर के सामने तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों को हालत नाजुक होने पर बहराइच रेफर किया गया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
बताया जा रहा है कि मंदिर में आरती के बाद ग्रामीण सड़क किनारे टेंट लगाकर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहा की ओर से आ रही अनियंत्रित कार टेंट तोड़ते हुए भीड़ पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों की पहचान पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) के रूप में हुई है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
घायलों में छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) शामिल हैं। सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

