बलरामपुर में घने कोहरे का कहर: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच युवकों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल

बलरामपुर|
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच युवकों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर रूप से घायल
सेव सूची

बलरामपुर में घने कोहरे के कारण एक भीषण सड़क हादसा हो गया। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर बीती रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के अनुसार, बीती रात इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान उतरौला की ओर जा रही दो बाइकों पर सवार युवक सड़क पर पैदल चल रहे एक राहगीर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गए और दोनों बाइकों की आपस में भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी सात युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह लहूलुहान हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान, मोहम्मद फारूक, सलीम, गुफरान, तौफीक और फजल मोहम्मद के रूप में की हैं। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दो युवकों की पहचान मुज्जमिल (22) और नाहिद रजा (18) के रूप में हुई है। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के गांवों में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।