बांदा में केन नदी पर बने रेलवे पुल पर चढ़ा युवक: प्रेमिका को बुलाने की करने लगा जिद, नीचे कूद जाने की दी धमकी

बांदा जिले में एक युवक अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद में केन नदी पर बने रेलवे पुल की ऊंचाई पर चढ़ गया। पुल पर चढ़े युवक का नाम विकास शर्मा है, जो बांदा शहर के चमरौड़ी इलाके का रहने वाला है। विकास का शहर की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था। परिजनों के राजी न होने से नाराज होकर वह शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे केन नदी रेलवे पुल पर जा चढ़ गया। उसके बाद चिल्लाकर कहना शुरू कर दिया कि उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलाया जाए, नहीं तो वह नीचे कूद जाएगा। इस ड्रामे की वजह से पुलिस और वहां मौजूद लोगों की सांसें अटक गईं।
मटौंध थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत और समझाने-बुझाने का प्रयास किया। उसके बाद प्रेमिका को मौके पर बुलाया गया। उसके बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। नीचे उतारने के बाद पुलिस ने सुरक्षा में लापरवाही बरतने, हंगामा करने और खुदकुशी की धमकी देकर शांति भंग करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुल के नीचे नाविकों और गोताखोरों की तैनाती
पुल पर पहुंचने के बाद युवक ने प्रेमिका के सामने आने की मांग की। उसके न आने पर वह पुल से कूदने की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार समेत पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिस लगातार युवक से बातचीत करती रही, लेकिन वह प्रेमिका के मौके पर आने की मांग पर अड़ा रहा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसकी सुरक्षा के लिए नदी के नीचे भी इंतजाम किए। युवक के पुल से नीचे गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने केन नदी में नाविकों और गोताखोरों को तैनात किया। पुलिसकर्मी करीब दो घंटे तक युवक को समझाते रहे। इस दौरान पुल और आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रेमिका के पहुंचने पर नीचे उतरा युवक
काफी प्रयास के बाद पुलिस ने प्रेमिका को मौके पर बुलवाया। उसके पहुंचने के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। पुलिस ने उसे सकुशल पुल से नीचे उतारा और इसके बाद गिरफ्तार कर लिया। मौके पर भूरागढ़ चौकी प्रभारी अरविंद कुमार, जेल चौकी प्रभारी प्रदीप सोनी और कालवन गंज चौकी प्रभारी शुभम कौशिक समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस के मुताबिक मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

