बाराबंकी में रोटावेटर में फंसकर किसान की मौत: धड़ से पांच फीट दूर गिरा सिर, आलू की बुवाई के लिए जमीन कर रहा था तैयार

निंदूरा ब्लॉक के हसुवापारा गांव में खेत की जुताई करते समय दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय किसान की जान चली गई। ट्रैक्टर में लगे रोटावेटर में कुछ फंसने की आवाज सुनकर वह मशीन देखने नीचे उतरे। इसी दौरान घूमते शाफ्ट की चपेट में आने से उनका सिर धड़ से अलग होकर करीब पांच फीट दूर जा गिरा। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी खेत पर पहुंचीं। शव देखकर वह बेहोश हो गईं। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हसुवापारा गांव निवासी प्रेम प्रकाश किसान थे। वह अपने ट्रैक्टर से दूसरों के खेतों की जुताई भी करते थे। उनकी शादी करीब पांच साल पहले गीता देवी (28) से हुई थी। परिवार में चार साल की बेटी अविष्का और एक साल का बेटा लवी है। रविवार रात करीब नौ बजे प्रेम प्रकाश अपने चाचा रवि के खेत में आलू की बुवाई के लिए जमीन तैयार कर रहे थे।
रोटावेटर में कुछ फंसने की आवाज सुनकर नीचे उतरे
करीब 40 मिनट तक जुताई करने के बाद रोटावेटर में कुछ फंसने जैसी आवाज आने लगी। इस पर प्रेम प्रकाश ने ट्रैक्टर को न्यूट्रल किया और नीचे उतरकर मशीन देखने लगे। उस समय रोटावेटर का शाफ्ट घूम रहा था। इसी दौरान उनका सिर उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि सिर धड़ से अलग होकर करीब पांच फीट दूर जा गिरा। खेत के मालिक रवि ने यह देखकर तुरंत ट्रैक्टर बंद किया और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही गीता देवी रोते हुए खेत पर पहुंचीं। पति का शव देखकर वह चीखने लगीं और कुछ ही देर में बेहोश हो गईं। उनकी हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की मौत के बाद चार साल की बेटी अविष्का का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने किसी तरह उसे संभाला।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
घटना की जानकारी मिलने पर बद्दूपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में युवक का सिर धड़ से अलग हो गया था। उसकी पत्नी की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि अभी पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

