बाराबंकी में युवक ने प्रेमिका के परिजनों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप: वीडियो बना झूल गया फंदे से, प्रेमिका के घर के पीछे मिला शव

यूपी के बाराबंकी में मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो में प्रेमिका के माता-पिता, भाई और दो मामा पर उत्पीड़न का आरोप लगाते नजर आ रहा है। वहीं युवक के पिता ने प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने फतेहपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी मोहित वर्मा फतेहपुर कस्बा में किराये के कमरे में रहता था। वह एक डेंटल क्लिनिक पर काम करता था। मंगलवार की सुबह उसका शव मोहम्मदपुर खाला और फतेहपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित एक गांव में प्रेमिका के घर के पीछे कटहल के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर मोहम्मदपुर खाला और फतेहपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल को लेकर सीमा विवाद के चलते काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। बाद में फतेहपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रेमिका के माता-पिता, भाई और दो मामा पर लगाया आरोप
युवक ने सोमवार रात फतेहपुर स्थित अपने कमरे से एक वीडियो बनाया था। उसने वीडियो ग्राम प्रधान रमाकांत वर्मा और अपने परिजनों को भेजने के साथ सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया था। वीडियो में उसने प्रेमिका के माता-पिता, भाई और दो मामा पर उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए थे। उसने वीडियो में आत्महत्या करने की बात भी कही थी। देर रात ग्राम प्रधान ने वीडियो देखा तो मोहित के परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद घरवाले उसे लगातार फोन करते रहे, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह उसका शव प्रेमिका के घर के पीछे पेड़ से लटका मिला।
प्रेमिका की आज होनी थी गोद भराई, युवक के घर था मुंडन कार्यक्रम
मोहित और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चर्चा है कि करीब एक माह पहले फतेहपुर थाने में दोनों पक्षों के बीच विवाद को लेकर सुलह-समझौता भी हुआ था। इसमें युवक के परिजनों से प्रेमिका के घरवालों द्वारा मोटी रकम लिए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चर्चा है कि मंगलवार को युवती की गोद भराई होनी थी। उसके परिजन इसकी तैयारियों में जुटे थे। वहीं मोहित के घर पर सोमवार को मुंडन कार्यक्रम था लेकिन वह घर नहीं पहुंचा था।
हत्या कर शव लटकाने का आरोप
मृतक के पिता विमलेश वर्मा ने प्रेमिका के परिजनों पर मोहित की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में फतेहपुर पुलिस को तहरीर दी है। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वीडियो और युवक के मोबाइल फोन समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

