बाराबंकी में बस को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर: चालक और कंडक्टर की मौत, आधा दर्जन से अ​धिक यात्री घायल

बाराबंकी|

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुबेहा थाना क्षेत्र के तहत शनिवार तड़के करीब 5:00 बजे एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली से लगभग 80 यात्रियों को लेकर बिहार जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बस के दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 52.3 पर बस चालक को गाड़ी में कुछ तकनीकी खराबी या टायर में समस्या की आशंका हुई। इस पर उन्होंने बस को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। बस के दोनों चालक—अजय कुमार यादव (अक्षय) और दीप चन्दर राय (वीर चंद्रा)—नीचे उतरकर पीछे की तरफ वाहन की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों चालक बस और ट्रक के बीच में बुरी तरह दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ट्रक चालक को झपकी आने की आशंका

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय सुबेहा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को वाहनों के बीच से बाहर निकाला। एआरटीओ प्रशासन के मुताबिक, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।

बस में 80 यात्रि थे सवार

बस में करीब 80 सवारियां मौजूद थीं, जिनमें से राहुल कुमार मंडल, अजय कुमार बिंद, डब्लू कुमार और मदन कुमार समेत कई लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों और ट्रक के स्टाफ को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और जिला अस्पताल रेफर किया गया। मामूली रूप से चोटिल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने दूसरे वाहनों का इंतजाम कर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।