बारबंकी में इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक हुआ ब्लास्ट: पास में खड़ी दो कारों को भी अपनी चपेट में लिया, स्कूटी को चार्ज करते समय हुआ हादसा

बाराबंकी|
पास में खड़ी दो कारों को भी अपनी चपेट में लिया, स्कूटी को चार्ज करते समय हुआ हादसा

बाराबंकी जिले में इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी फटने का एक बेहद डरावना हादसा सामने आया है। जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रोटी गांव में तड़के करीब चार बजे घर के अंदर चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की लिथियम बैटरी अचानक टाइम बम की तरह फट गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका दहल उठा और गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद मुस्तकीम के घर में बुधवार-गुरुवार की रात को इलेक्ट्रिक स्कूटी को चार्जिंग पर लगाया गया था। सुबह के वक्त बैटरी ओवरहीटिंग या शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक बड़े धमाके के साथ ब्लास्ट हो गई। धमाके के साथ ही स्कूटी से ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने बरामदे में पास ही खड़ी दो कारों को तुरंत अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह धमाका और आगजनी हुई, उस समय परिवार के सभी सदस्य गाड़ियों की पार्किंग वाले हिस्से से दूर घर के अंदर सो रहे थे। धमाके की गूंज और धुएं के कारण घर के लोग तुरंत जाग गए और समय रहते बाहर भाग निकले, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और पूरा परिवार सुरक्षित है।

ग्रामीणों ने मिट्टी-पानी से बुझाई आग

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर दौड़ पड़े। फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला और बिना देर किए पानी व मिट्टी डाल-डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझाया जा सका। तब तक इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी और दोनों कारों का अगला हिस्सा बुरी तरह से जल चुका था।

पीड़ित परिवार ने की जांच की मांग

इस भीषण घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में हुए इस अचानक धमाके की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता चल सके और दूसरों को ऐसे खतरों से बचाया जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।