बाराबंकी में चलती कार बनी आग का गोला: दरवाजे लाॅक होने से जिंदा जला व्यक्ति, वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से हुआ हादसा
सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बघौरा गांव के पास नहर पर चलती कार में आग लगने से एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। कार की निचली वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगी। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। परिजनों के मुताबिक, आग लगने के दौरान कार का दरवाजा लॉक हो गया था, जिससे वो बाहर नहीं निकल सके।
जानकारी के अनुसार, राजनारायण वर्मा बाराबंकी से अपने गांव बरियापुर लौट रहे थे। बघौरा गांव के पास नहर पर पहुंचते ही कार के निचले हिस्से की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद कार से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग तेज हो गई और पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। दरवाजा लॉक होने के कारण राजनारायण बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सफदरगंज पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक राजनारायण की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।










