बाराबंकी में डंपर और कार की भीषण टक्कर: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर
बाराबंकी में मंगलवार सुबह डंपर और ऑल्टो कार की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं। एक छह साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भागकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार के दरवाजे को तोड़कर शव को बाहर निकाला।
कार में पांच लोग थे सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऑल्टो कार में कुल 5 लोग सवार थे। सुबह करीब 11:30 बजे सड़क किनारे रुककर रास्ता पूछ रहे थे। जैसे ही कार से यूटर्न लेने लगे, मौरंग लदे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो एक तरफ से एक फुट तक पिचक गई।
छोटी बेटी की दवा लेकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, श्रावस्ती के भिनगा के रहने वाले मोहम्मद शरीफ, उनकी पत्नी तबस्सुम बानो, बेटा उजैम, बेटी साजिया और 6 साल के बीमार बच्ची हुदा कार से लखनऊ गए थे। हुदा का इलाज चल रहा है। उसकी दवा लेकर सभी लौट रहे थे। रास्ता भूल जाने के कारण बिंदौरा चौराहे के पास कार को मोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान लखनऊ से रामनगर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
डंपर चालक की तलाश कर रही पुलिस
हादसा मसौली थाना क्षेत्र के बिंदोरा चौराहे के पास बांदा-बहराइच रोड पर हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद डंपर चालक फरार हो गया है। चालक की तलाश जारी हैं।










