बरेली में चकरोड किनारे पेड़ पर लटका मिला युवक का शव: भाई ने लगाया हत्या का आरोप, गांव की युवती के साथ चल रहा था प्रेम-प्रसंग

भमोरा थाना क्षेत्र के सिरोही गांव में चकरोड किनारे एक खेत में मुरारी नाम के युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। युवक के भाई ने प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का आरोप लगाया हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई मदनपाल ने आरोप लगाया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। उनका कहना है कि मुरारी का गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिससे युवती के घरवाले नाराज थे। भाई ने प्रेमिका के पिता और भाई पर मुरारी की हत्या करने और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटकाने का सीधा आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि लड़की के परिवार की तरफ से पहले धमकियां भी मिली थीं।
प्रेमिका के भाई और पिता ने जान से मारने की दी थी धमकी
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले युवती घर से लापता हो गई थी, जिसे परिवार के लोगों ने तलाश लिया था। इससे नाराज युवती के पिता और भाई मुरारी से रंजिश मानने लगे थे। आरोप है कि दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। अब हत्या कर दी। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय भमोरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की बात कही है।










