बरेली सेंट्रल जेल से उम्रकैद का कैदी फरार: कृषि फार्म से गायब हुआ बंदी, 7 जेलकर्मी निलंबित

बरेली|1 घंटा पहले
कृषि फार्म से गायब हुआ बंदी, 7 जेलकर्मी निलंबित

बरेली सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। उम्रकैद की सजा काट रहा एक बंदी कृषि कार्य के दौरान फरार हो गया। घटना सामने आते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजी जेल पीसी मीणा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं सीनियर जेल अधीक्षक अविनाश गौतम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई है। फरार बंदी की तलाश में पुलिस और जेल प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

डीजी जेल के अनुसार जेल के बाहर स्थित कृषि फार्म कमान नंबर-1 से एक बंदी के गायब होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जेल परिसर में अलार्म बजाया गया। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि फरार बंदी की पहचान अमरोहा जिले के नन्हेड़ा गांव निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। इसके बाद जेल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।

पॉक्सो मामले में काट रहा था सजा

जेल रिकॉर्ड के मुताबिक दिनेश कुमार को अमरोहा की विशेष पॉक्सो कोर्ट ने नौ जनवरी 2026 को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और जुर्माने की सजा सुनाई थी। बाद में 19 अप्रैल 2026 को उसे बिजनौर जिला कारागार से स्थानांतरित कर बरेली केंद्रीय कारागार भेजा गया था। उसे 45 अन्य बंदियों के साथ कृषि कार्य के लिए बाहरी फार्म पर भेजा गया था। उसकी निगरानी के लिए जेल और पुलिस विभाग के कई कर्मी तैनात थे। इसके बावजूद उसका फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है।

लापरवाही पर कार्रवाई

मामले की प्रारंभिक जांच में सुरक्षा संबंधी गंभीर लापरवाही सामने आने पर जेलर, डिप्टी जेलर, हेड जेल वार्डर और अन्य कर्मचारियों समेत सात लोगों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विभागीय जांच के दौरान यदि किसी अन्य कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चार टीमें कर रहीं तलाश

फरार बंदी की तलाश के लिए चार विशेष सर्च टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य संभावित ठिकानों पर लगाया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ अमरोहा पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। इज्जतनगर थाना पुलिस, एसपी सिटी मानुष पारीक और अन्य सीनियर अफसर लगातार अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जेल प्रशासन ने फरार बंदी के खिलाफ इज्जतनगर थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं उसे फरार होने में किसी अंदरूनी या बाहरी व्यक्ति की मदद तो नहीं मिली।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।