बरेली में पति ने फंदे से लटककर दी जान: रात में फोन पर पत्नी से हुआ था विवाद, छह साल पहले हुई थी शादी

बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया हैं। यहां फोन पर पत्नी से हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपनी जान दे दी। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र में खलीलपुर रोड स्थित गली नंबर दो में शनिवार सुबह 42 वर्षीय ललित कुमार पाल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। वह सहारनपुर में एक डॉक्टर के अल्ट्रासाउंड सेंटर की देखरेख करते थे। परिजनों के मुताबिक, रात में पत्नी से मोबाइल फोन पर कहासुनी के बाद उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ब्यूटी पार्लर चलाती है पत्नी
ललित के भाई मोहन कुमार उर्फ अन्नू ने बताया कि ललित की शादी छह साल पहले कीर्ति से हुई थी। दोनों का पांच साल का एक बेटा है। कीर्ति चार साल से बेटे के साथ जयपुर में रहकर ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। ललित सात दिन पहले ही सहारनपुर से घर आए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
मोहन कुमार के ने बताया, शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पड़ोस में रहने वाली चाची ने उन्हें घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सीओ द्वितीय नितिन कुमार, थाना प्रभारी विनोद सिंह और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सीओ का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह साफ होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

