बस्ती में 10 किलो गांजा बरामद: कावड़ यात्रा के दौरान यात्रियों को बेचता था नशीला पदार्थ, रेस्टोरंट मालिक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हर्रैया में पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ महाकाल रेस्टोरेंट के मालिक शनि कुमार उर्फ रवि को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों और राहगीरों को नशीला पदार्थ बेचने का गंभीर आरोप है।
हर्रैया पुलिस टीम रोडवेज बस स्टॉप के पास चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि 'महाकाल रेस्टोरेंट' का मालिक कांवड़ियों को गांजा बेच रहा है। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में तड़के करीब 3:30 बजे रेस्टोरेंट पर छापा मारा गया। इस दौरान रेस्टोरेंट मालिक शनि कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया और तलाशी शुरू की गई। तलाशी में उसके पास से 5-5 किलोग्राम के दो पैकेटों में कुल 10 किलो गांजा और 1,200 रुपये नकद बरामद हुए।
नेपाल से मंगवाता था गांजा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कांवड़ त्यौहार के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के लिए नेपाल से गांजा मंगवाता था। वह इस गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया तैयार करता था और रेस्टोरेंट के रास्ते से गुजरने वाले कांवड़ियों और आम राहगीरों को महंगे दामों में बेचता था।
नगर पंचायत का सभासद है आरोपी
आरोपी शनि कुमार उर्फ रवि सोनकर नगर पंचायत का नामित सभासद भी है। शासन द्वारा उसे सभासद नामित किए जाने पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व में काफी विरोध भी दर्ज कराया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले भी गांजा तस्करी के आरोप लग चुके हैं।
बढ़ाई गई कावड़ मार्ग की सुरक्षा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और शुचिता बनाए रखने के लिए पुलिस इस क्षेत्र में लगातार निगरानी रख रही है।











