250 पहियों पर बस्ती पहुंचा विशाल रिएक्टर: चार घंटे थमा एनएच का यातायात, लखीमपुर खीरी जा रहा 41 मीटर लंबा ट्रेलर

बस्ती|
चार घंटे थमा एनएच का यातायात, लखीमपुर खीरी जा रहा 41 मीटर लंबा ट्रेलर

जिले में सोमवार सुबह 250 पहियों वाले 41 मीटर लंबे ट्रेलर को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। पॉलिटेक्निक चौराहे पर पहुंचे इस विशाल वाहन पर साइक्लाइजेशन रिएक्टर लदा था, जिसे लखीमपुर खीरी स्थित बलरामपुर शुगर मिल पहुंचाया जाना है। भारी वाहन के आवागमन के कारण सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

ट्रेलर को आगे निकालने के लिए बिजली के तार हटाने पड़े और एक सूखा पेड़ काटना पड़ा। इस काम में विद्युत विभाग, पुलिस, एनएच और यातायात विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को मशक्कत करनी पड़ी। ट्रेलर 15 मई 2026 को ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से रवाना हुआ था। बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए लाए गए इस औद्योगिक रिएक्टर को कई राज्यों से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचाया गया है। इसके साथ करीब 50 कर्मचारी चल रहे हैं।

308 से घटाकर 250 किए गए पहिए

ट्रेलर की लंबाई 41 मीटर, चौड़ाई सात मीटर और सड़क से ऊंचाई करीब आठ मीटर है। इसे खींचने के लिए भारी क्षमता वाला जेएम बैक्सी पुलर लगाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, झारखंड तक इसमें 308 पहिए थे, लेकिन रास्ते में मोड़ लेने में परेशानी के कारण 58 पहिए निकाल दिए गए। इसकी अधिकतम गति पांच से आठ किलोमीटर प्रति घंटा है। रास्ते में बड़े होर्डिंग, पैदल पुल, बिजली के तार, खंभे और पेड़ हटाकर मार्ग बनाया जा रहा है। साथ में दो बड़ी क्रेन और बांस की लंबी बल्लियां भी हैं।

दोपहर बाद लखीमपुर के लिए रवाना

सोमवार को पॉलिटेक्निक चौराहे पर कर्मचारियों ने भोजन किया। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे ट्रेलर बलरामपुर शुगर मिल के लिए रवाना हुआ। विशालकाय वाहन को देखने के लिए राहगीर रुके और कई लोग फोटो व सेल्फी लेते नजर आए। रिएक्टर को गंतव्य तक पहुंचने में अभी काफी समय लगने की संभावना है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।