बस्ती में कचहरी से लौट रहे अधिवक्ता पर हमला: लोहे की रॉड से पीटा, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

कलवारी थाना क्षेत्र में कचहरी से घर लौट रहे अधिवक्ता पर हमला कर दिया गया। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर बेइली स्थित एकता मैरिज हॉल के पास मनबढ़ों ने उन्हें लोहे की रॉड और पाइप से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलवारी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
नीरज वर्मा कलवारी थाना क्षेत्र के बरईजोत गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, कचहरी से घर लौटते समय बेइली में एकता मैरिज हॉल के पास उनके साथ मारपीट की गई। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप चंद्र पांडेय अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल अधिवक्ता को भर्ती कराने में मदद की।
पट्टीदारी विवाद में हमले की आशंका
अधिवक्ता पर हमले की खबर से साथी वकीलों में नाराजगी है। घटना के विरोध में अधिवक्ता समुदाय की ओर से आंदोलन की रणनीति बनाए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि पट्टीदारी में विवाद के चलते नीरज वर्मा पर हमला किया गया, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कार्रवाई की मांग को लेकर रात में ही पुलिस को प्रार्थना पत्र दे दिया गया था।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

