बस्ती में हाइवे पर रोडवेज बस में लगी आग: चालक की सूजबूझ से बाल-बाल बचे यात्री, बस जलकर खाक

बस्ती|47 मिनट पहले
चालक की सूजबूझ से बाल-बाल बचे यात्री, बस जलकर खाक

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोटी रूधौली के पास उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक चलती रोडवेज बस में अचानक भयंकर आग लग गई। बस चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण बस में सवार सभी 20 यात्री, चालक और परिचालक बाल-बाल बच गए और एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। यह बस संख्या UP 78 LN 1370 चारबाग डिपो की थी, जो लखनऊ से गोरखपुर की तरफ आ रही थी।

पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर स्थित छोटी रूधौली के पास यह हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस का फ्यूल टैंक नीचे गिरकर सड़क से रगड़ खा रहा था, जिसके चलते अचानक आग भड़क उठी। बस के नीचे से कुछ आवाज सुनाई देने और धुआं उठते ही चालक ने बिना देरी किए बस को तुरंत सड़क के किनारे रोक दिया। चालक और परिचालक ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए सभी यात्रियों को बस से बाहर उतारा।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम

यात्रियों के नीचे उतरते ही बस ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

यातायात रहा बा​धित

प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि बस में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। हालांकि, परिवहन विभाग और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से जली बस को हटाकर सुचारु कराया

यात्रियों ने की जमकर तारीफ

घटना के बाद सहमे हुए यात्रियों ने चालक और परिचालक की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की, जिनकी वजह से कई जिंदगियां बचाई जा सकीं। बस के परिचालक विनय त्रिवेदी ने पीआरवी को फोन कर सूचना दी। यातायात निरीक्षक कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि हाइवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई है ।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।