बस्ती में गन्ना समिति की बैठक में भिड़े दो पक्ष: लात-घूंसे के बाद कुर्सियां चलीं, विभिन्न मुद्दों पर हो रही थी चर्चा

जिले में किसानों की समस्याओं पर चर्चा के लिए बुलाई गई गन्ना समिति की बैठक विवाद में बदल गई। गन्ना समिति कार्यालय में कुसौरा क्षेत्र के गन्ना केंद्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान ऊंजी सेंटर से जुड़े एक मामले को लेकर दो पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान लात-घूंसे चलने के साथ कुर्सियां भी एक-दूसरे पर फेंकी गईं। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग आपस में मारपीट करते और कुर्सियां फेंकते दिखाई दे रहे हैं।
बैठक कुसौरा क्षेत्र के गन्ना केंद्रों को रुधौली चीनी मिल से हटाकर मुंडेरवा चीनी मिल से जोड़ने की मांग को लेकर आयोजित की गई थी। समिति कार्यालय में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान ऊंजी सेंटर से जुड़े एक मुद्दे पर मौजूद लोगों के बीच बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
वीडियो में कुर्सियां फेंकते दिखे लोग
सामने आए वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे पर थप्पड़ और घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कुछ लोगों ने कुर्सियां उठाकर दूसरे पक्ष की ओर फेंकीं। अचानक शुरू हुई मारपीट से बैठक में भगदड़ का माहौल बन गया। किसानों की समस्याओं को लेकर चल रही बैठक में ही विवाद और मारपीट होने से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विवाद की पूरी वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल घटना में शामिल लोगों और विवाद की पूरी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत ऊंजी सेंटर से जुड़े मुद्दे पर हुई बहस के बाद हुई। मामले में सामने आए वीडियो के आधार पर घटना की स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है।










