बस्ती में कार ने दो बाइकों को रौंदा: मकान की दीवार तोड़ते हुए पलटी, हादसे में चार लोग घायल

बस्ती जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक खौफनाक सड़क हादसा हो गया। नगर थाना क्षेत्र के बसहवा गांव के पास बस्ती से अयोध्या की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। बाइकों को रौंदने के बाद बेकाबू कार सड़क किनारे स्थित अरुण गुप्ता के मकान की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। इस भीषण हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक हुई इस जोरदार टक्कर और मकान की दीवार गिरने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर नगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचक ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान बस्ती के ही कुड़ी गांव के सद्दाम हुसैन (30 वर्ष), मुलायम यादव (28 वर्ष), विशाल विश्वकर्मा (20 वर्ष), मुबारक अली (27 वर्ष) के रूप में हुई।
एक घायल की हालत नाजुक
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने विशाल विश्वकर्मा की हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बाकी तीन घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। हादसे में कार और दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं, साथ ही मकान की दीवार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

