बस्ती में गैस सिलेंडरों से लदी DCM में ब्लास्ट: रेगुलेटर से गैस का हो रहा था रिसाव, चालक ने कूदकर बचाई जान
कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सीएनजी सिलेंडरों से लदी DCM में अचानक ब्लास्ट होने से दहशत मच गई। धमाके के बाद वाहन से धुआं निकलने लगा। खतरा भांपते ही चालक DCM से कूद गया और अपनी जान बचाई। घटना पीडब्ल्यूडी चीफ ऑफिस के सामने हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
जानकारी के मुताबिक DCM सीएनजी सिलेंडर लेकर इंडियन ऑयल के आरकेवीके पंप की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन में लगे रेगुलेटर से लगातार गैस का रिसाव भी हो रहा था। DCM में करीब 220 कंप्रेसर सिलेंडर मौजूद थे। ऐसे में गैस रिसाव के बीच धमाके से आसपास के लोगों में बड़े हादसे की आशंका को लेकर दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी।
पुलिस और फायर टीम ने संभाला मोर्चा
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोककर सुरक्षा इंतजाम किए। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस और फायर सर्विस की टीम ब्लास्ट की वजह और गैस रिसाव के कारणों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।











