बस्ती में सपा चेयरमैन की कार से उड़ाए 9.50 लाख रुपये: गाड़ी खड़ी कर चाय पीने गए थे, बैग में नकदी समेत चेकबुक-एटीएम थे

शहर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने कप्तानगंज नगर पंचायत के चेयरमैन चंद्रप्रकाश चौधरी की कार से 9.50 लाख रुपये पार कर दिए। चंद्रप्रकाश चौधरी अपनी स्कॉर्पियो-एन से एसबीआई कोर्ट एरिया बैंक गए थे। वहां से निकलने के बाद उन्होंने गाड़ी चाय वाले के पास स्थित पार्किंग में खड़ी की और चाय पीने चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने कार के दाहिने तरफ का पिछला शीशा तोड़ दिया और अंदर रखा नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। चाय पीकर लौटने पर कार का शीशा टूटा और बैग गायब देखकर चेयरमैन ने पुलिस को सूचना दी।
चेयरमैन चंद्रप्रकाश चौधरी, पुत्र राम स्वारथ चौधरी, के मुताबिक चोरी हुए बैग में 9 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा बैंक की चेकबुक, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी बैग में मौजूद थे। घटना के बाद उन्होंने बड़ेबन चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में चोरी की घटना को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटा रही है, ताकि वारदात को अंजाम देने वालों का पता लगाया जा सके।
सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर बृजेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और चोरी गई नकदी व सामान के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

