बस्ती में पेड़ से लटका मिला शव: पुलिस की हिरासत में आरोपी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पैकोलिया थाना क्षेत्र के असनहरा गांव में 44 वर्षीय महिला का शव बाग में महुआ के पेड़ से लटका मिला। महिला की मौत से एक दिन पहले उसके बेटे ने गांव के एक व्यक्ति पर मां के साथ मारपीट करने और जबरन अपने साथ ले जाने की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद शव मिलने से मामला संदिग्ध हो गया। पुलिस ने शिकायत में नामजद बताए जा रहे व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान मुईली गांव निवासी सुन्दरी आज्ञाराम के रूप में हुई है। उनका शव असनहरा अंबेडकर पार्क के सामने स्थित एक बाग में महुआ के पेड़ से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। सुन्दरी के परिवार में 15 वर्षीय बेटा संतोष उर्फ विवेक और 13 वर्षीय बेटी संध्या हैं।
बेटे ने पुलिस को दी थी शिकायत
संतोष के मुताबिक गांव का एक व्यक्ति उसकी मां के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन अपने साथ ले गया था। संतोष ने उसी शाम पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच पुलिस को आरोपी संतोषनगर चौराहे की एक दुकान में मिला, जहां वह छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा शव
आरोपी को हिरासत में लेने के दौरान ही सुन्दरी का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बस्ती भेज दिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत की वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

