बस्ती में ट्रक के नीचे दबने से तीन की मौत: रातभर शवों के ऊपर खड़ा रहा वाहन, भंडारे से लौट रहे थे पिता और बेटियां

बस्ती|

बभनान-गौर मार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में चौकीदार और उनकी दो बेटियों की जान चली गई। कोठवा गांव के पास ट्रक की चपेट में आने के बाद तीनों उसके नीचे दब गए। अंधेरा होने के कारण रातभर किसी को हादसे का पता नहीं चला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने ट्रक के पास चप्पलें देखीं, तब घटना सामने आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक हटवाकर शवों को बाहर निकलवाया।

गौर थाना क्षेत्र के कोठवा गांव निवासी राजेश कुमार यादव पुत्र राम उजागिर यादव गौर थाने में चौकीदार के पद पर तैनात थे। रविवार रात करीब आठ बजे वह अपनी बेटियों शिवांगी और मानवी के साथ पड़ोसी गांव रामापुर में आयोजित भंडारे से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनान-गौर मार्ग पर कोठवा गांव के पास तीनों ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चला गया। ट्रक के नीचे दबने से तीनों की मौत हो गई।

रातभर किसी को नहीं लगी हादसे की भनक

ट्रक का नंबर यूपी 53 ईटी 0585 बताया गया है। वह गोंडा से पशु आहार लादकर बिहार जा रहा था। हादसे के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण किसी की नजर ट्रक के नीचे दबे लोगों पर नहीं पड़ी। तीनों रातभर वहीं दबे रहे। सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों की नजर ट्रक के आसपास पड़ी चप्पलों पर गई। अनहोनी की आशंका में उन्होंने पास जाकर देखा तो तीनों के शव ट्रक के नीचे दबे मिले।

हाइड्रा से हटवाया ट्रक

ग्रामीणों ने तत्काल गौर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा मशीन मंगवाकर ट्रक हटवाया। इसके बाद तीनों के शव बाहर निकलवाए गए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से कोठवा गांव में शोक की लहर है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।