बस्ती में ट्रक से कुचलकर महिला की मौत: ओवरटेक के दौरान फिसली बाइक, पति की हालत गंभीर
रुधौली-डुमरियागंज मार्ग पर बुधवार दोपहर ट्रक को ओवरटेक करना बाइक सवार दंपती के लिए जानलेवा साबित हुआ। नारखोरिया बाजार से कुछ आगे उनकी बाइक सड़क पर फिसल गई और दोनों ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी भानपुर से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बस्ती रेफर किया गया।
सिद्धार्थनगर जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र के केवटली नानकार निवासी अनिल चौधरी (24) बुधवार को पत्नी शालू चौधरी (22) के साथ बाइक से घर जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे रुधौली-डुमरियागंज मार्ग पर नारखोरिया बाजार से आगे ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी बाइक फिसल गई। दोनों ट्रक संख्या यूपी 21 सीटी 5692 के नीचे आ गए। हादसे में शालू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को जिला अस्पताल किया रेफर
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अनिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

