चंदौली में बेटी ने किया प्रेम विवाह: पिता ने किया पिंडदान, क्षेत्र में बना चर्चा का विषय
चंदौली में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने दूसरी जाति के युवक से प्रेम विवाह कर लिया। इससे नाराज होकर पिता ने अपनी जीवित बेटी का पिंडदान कर दिया। पिता ने पीपल के पेड़ के नीचे बेटी का श्राद्ध करते हुए कहा कि वह उनके लिए अब मर चुकी है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, चंदौली जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर जगदीशराय गांव में प्रकाश सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी नेहा सिंह (20) ने करीब दो महीने पहले अपने प्रेमी सावन (24) से कोर्ट मैरिज की थी। सावन गांव में पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के बेटे हैं। शादी के बाद नेहा और सावन सोनभद्र में रह रहे हैं। परिजनों ने बेटी को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह प्रेमी के साथ रहने पर ही अड़ी है।
पिता बोले-मेरे लिए मर चुकी है बेटी
बताया जा रहा है कि युवती ने परिजनों के खिलाफ जाकर अपनी मर्जी से शादी किया है। बेटी के इस फैसले से परिजनों को काफी दुख पहुंचा है। बेटी के फैसले से नाराज पिता प्रकाश सिंह ने शनिवार की शाम करीब पांच बजे घर से करीब 200 मीटर दूर पीपल के पेड़ के नीचे उसका पिंडदान कर दिया। प्रकाश सिंह ने कहा कि माता-पिता बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए त्याग करते हैं और चाहते हैं कि जीवन के बड़े फैसलों में बच्चे परिवार की भावनाओं का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि अब बेटी से उनका कोई रिश्ता नहीं रहा और वह उनके लिए मर चुकी है।
परिवार के लोग भी फैसले से नाराज
प्रकाश सिंह के छोटे भाई पप्पू सिंह ने बताया कि नेहा स्नातक है। परिवार ने उसे बेटे की तरह पाला लेकिन बेटी ने परिवार के सपने को चकनाचूर कर दिया। दूसरी जाति के युवक से शादी करने के फैसले से परिवार के लोग आहत हैं और वे बड़े भाई के निर्णय से सहमत हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

