चंदौली में एनकाउंटर में दो बदमाश अरेस्ट: पैर में गोली लगने से एक ढेर, 25 हजार का घोषित था इनाम
चकिया कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गांधीनगर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश शेरू अंसारी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे अरेस्ट कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से उसके एक साथी को भी घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह और स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव अपनी टीमों के साथ गांधीनगर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन दोनों बाइक की रफ्तार बढ़ाकर लतीफशाह की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
गांधीनगर-लतीफशाह मार्ग पर जंगल की ओर मुड़ने के दौरान बदमाशों की मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क किनारे गिर गई। इसके बाद एक बदमाश ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें शेरू अंसारी के पैर में गोली लग गई। उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गौवंश तस्करी के मामले में था वांछित
गिरफ्तार शेरू अंसारी बिहार के कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र का निवासी है। वह गौवंश तस्करी के एक मामले में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान उसके दूसरे साथी को भी जंगल के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद हथियार, मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




