चंदौली में कार ने विधायक के काफिले को मारी टक्कर: चार घायल, तीन वाहन क्षतिग्रस्त

चंदौली में शराब के नशे में धुत एक चालक ने तेज रफ्तार कार ने भाजपा विधायक सुशील सिंह के काफिले को टक्कर मार दी जिससे चार लोग घायल हो गए और तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के फुतिया और जगदीशसराय के बीच हुई। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील सिंह भी उस समय काफिले में मौजूद थे, हालांकि उनका वाहन इस टक्कर में क्षतिग्रस्त होने से बच गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी नामेंद्र रावत ने बताया कि हादसे में घायल चारों लोगों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। जांच में पुष्टि हुई कि टक्कर मारने वाली कार का चालक शराब के नशे में था। घायलों की पहचान पंकज यादव, प्रिंस यादव, संजीव और सोनल यादव के रूप में हुई है। सभी की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच है और वे सैयदराजा थाना क्षेत्र के मनराजपुर तथा बंशीपुर गांवों के निवासी हैं। चारों लोग सैयदराजा से अलीनगर के पचफेड़वा स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। उन्हें वहां भर्ती एक मरीज के लिए कपड़े और भोजन पहुंचाना था। इसी दौरान उनकी कार विधायक के काफिले से टकरा गई।
शिकायत दर्ज नहीं, पुलिस कर रही जांच
सदर कोतवाली थाना प्रभारी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि काफिले में टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो की रफ्तार करीब 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे थी। हादसे में विधायक की एक फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो के अलावा दूसरी स्कॉर्पियो भी क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टक्कर दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई साजिश थी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।