दसवीं के छात्र की क्लासरूम में हत्या: दोस्त ने चाकू से सीने पर किया वार, आरोपी नाबालिग गिरफ्तार

चंदौली|2 घंटे पहले
दोस्त ने चाकू से सीने पर किया वार, आरोपी नाबालिग गिरफ्तार

चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक स्कूल के भीतर हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। समर कोचिंग के दौरान दसवीं कक्षा के एक छात्र की उसके ही सहपाठी ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। छात्र-छात्राओं के बीच दहशत फैल गई। पुलिस ने आरोपी किशोर को कुछ ही देर बाद हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों छात्रों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के प्रतापपुर गांव निवासी लवकुश यादव (17) स्थानीय आदर्श इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। इन दिनों स्कूल में संचालित समर कोचिंग में भाग ले रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोचिंग शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद उसका सहपाठी अचानक अपनी सीट से उठा और लवकुश के पास पहुंच गया। इसके बाद उसने कमर में छिपाकर लाया गया चाकू निकाला और छात्र के सीने पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से क्लासरूम में भगदड़ मच गई। शिक्षक और छात्र जान बचाने के लिए बाहर भागे। जबकि गंभीर रूप से घायल लवकुश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी जिंदगी की डोर

घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया था। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। मृतक और आरोपी दोनों की उम्र लगभग 17 वर्ष बताई जा रही है।

पुराने विवाद की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों छात्रों के बीच कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार हाल ही में क्रिकेट मैच के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों आपस में बातचीत नहीं कर रहे थे। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी किशोर से पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में मचा कोहराम

घटना के समय मृतक छात्र के माता-पिता अयोध्या गए हुए थे। बेटे की हत्या की सूचना मिलने के बाद वे तत्काल चंदौली के लिए रवाना हो गए। जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं घटना के बाद आरोपी का परिवार घर छोड़कर कहीं चला गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। स्कूल परिसर में हुई इस दर्दनाक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के बीच बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।